फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 18 फरवरी 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना के गणेश्वर धाम कुंड में विस्फोट मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को डिटेन किया है। प्रारम्भिक जाँच के अनुसार घर में बच्चा नहीं होने पर तांत्रिक के कहने पर सूटकेस को कुंड के अंदर फेंका गया था।
नीमकाथाना एडिशनल एसपी लोकेश मीणा ने बताया कि 12 फरवरी की दोपहर 2 बजे गणेश्वर कुंड में धमाके की सूचना मिली थी। इस पर टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि कुंड में एक सूटकेस फेंका गया था। इसके बाद धमाका हुआ। सूटकेस में किसी तरह का विस्फोट पदार्था था जो पानी मिलते ही रिएक्ट कर गया और कुंड में धमाका हो गया।
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि कुछ लोग सूटकेस और हाथ में नारियल की थैली लेकर कुंड पर आए थे और पानी में फेंक दिया। इस पर मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और आसपास के सीसीटीवी मदद से 5 लोगों की पहचान की गई।
ये डिटेन:-
पुलिस ने दिनेश कुमार जांगिड़, हरीराम निवासी गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं), जयराम सैनी निवासी झुंझुनूं,निर्मल शर्मा निवासी डीडवाना-कुचामन, नियामत उर्फ सद्दाम निवासी सुल्तानपुरा (नूहं, हरियाणा) को डिटेन कर पूछताछ की।
घर में बच्चा नही होने पर टोटका :-
आरोपियों ने बताया कि घर में बच्चा नहीं होने के कारण वे हरियाणा के मेवात में एक तात्रिक के पास पहुंचे। तांत्रिक ने उन्हें विधि के नाम पर एक सूटकेस के साथ थैली में नारियल दिए और कहा कि दोनों को बहते पानी में डाल देना।
गणेश्वर में इसलिए डाला :-
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने झुंझुनूं के लोहार्गल धाम और नीमकाथाना के गणेश्वर में (सूटकेस और नारियल की थैली कों बहाने के बारे में सोचा। गणेश्वर में बहता हुआ पानी है इसलिए वे यहां आ गए। जब सूटकेस को पानी में डालने के बाद धमाका हुआ तो उन्होंने घबराकर तांत्रिक को फोन किया। इस पर तांत्रिक ने उन्हें अपनी तंत्र क्रिया काम करने का झांसा दिया और वहां से जाने के लिए कहा।
ये टीम रही शामिल :-
एडिशनल एसपी ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए नीमकाथाना सदर, कोतवाली नीमकाथाना, पाटन, डाबला, थोई, खंडेला, जाजोद और जाटा थाना पुलिस के साथ मोबाइल एफएसएल यूनिट, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल को शामिल किया गया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment