फोटो : फाइल फोटो
खेतड़ी, 20 फरवरी 2026
रिपोर्ट : एडिटर
खेतड़ी उपखंड के सुनारी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर बबाई पुलिस मौके पर पहुंची।
हरड़िया निवासी भोमाराम ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी बेटी अनिता (22) का विवाह 26 नवंबर 2024 को सुनारी निवासी राहुल पुत्र हजारीलाल के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। जिसको लेकर पूर्व में दो -तीन बार गांव के मुख्य लोगों ने समझाइश भी की गई। इसके बावजूद भी वह लोग उसे परेशान करते रहे।
सास - ससुर और पति पर आरोप :-
करीब तीन माह पहले अनिता ने बेटी को जन्म दिया तो उसे अधिक परेशान करने लगे। जब उसने परेशान करने की बात अपने घर बताई तो उसका फोन भी तोड़ दिया गया। ससुर हजारीलाल, पति राहुल व सास राधा देवी की प्रताड़ना से आहत होकर देर रात को अनिता ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।
परिजनों का आरोप है कि उसे मारकर फांसी पर लटकाया गया है। घटना की सूचना पर बबाई थानाधिकारी राजपाल सिंह मय पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
इसके बाद मृतका के शव को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में लाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
बबाई थानाधिकारी ने बताया कि मृतका के पिता ने राहुल, हजारीलाल व राधा देवी के खिलाफ रिपोर्ट दी है। जिस पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment