बानसूर में एसीबी की ट्रैप कार्रवाई : 15 हजार की रिश्वत लेते खोहरी हल्का पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, नामांकन खोलने और रहन हटाने की एवज में मांगी थी घुस

फोटो  : फाइल फोटो 

कोटपुतली - बहरोड़, 24 फरवरी 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जिले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खोहरी हल्का पटवारी अतुल कुमार यादव को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी द्वारा यह कार्रवाई जिले की बानसूर तहसील में की गई।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि अलवर एसीबी चौकी को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में परिवादी ने बताया कि उसने अपने नाम तथा अपनी भाभी के नाम से ग्राम खोहरी, तहसील बानसूर में साढ़े पांच बीघा जमीन 22 जनवरी 2026 को खरीदी थी। भूमि की रजिस्ट्री उसी दिन तहसीलदार कार्यालय बानसूर में करवाई गई थी।

परिवादी का आरोप था कि खरीदी गई भूमि का इंतकाल खोलने तथा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज रहन का अंकन हटाने के बदले हल्का पटवारी अतुल कुमार यादव 15 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था और कार्य के लिए परेशान कर रहा था। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग सही पाई गई।

इसके बाद, एसीबी चौकी अलवर प्रथम ने उप महानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के सुपरविजन में कार्रवाई की योजना बनाई। एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में पटवारी अतुल कुमार यादव को परिवादी से 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला दर्ज:-

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। ब्यूरो द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit