वीडियो न्यूज़ : आईएएस - आरएएस में चयनित प्रतिभाओं का सम्मान : नीमकाथाना में वीर तेजा सेवा समिति ने किया चयनित प्रतिभाओं का सम्मान, वक्ता बोले - क्षेत्र का नाम रोशन किया

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 26 अप्रेल 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) एवं राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयनित अभ्यर्थियों का वीर तेजा सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम का आयोजन नीमकाथाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक निजी होटल में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक, युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में झड़ाया धाम के संत सीताराम दास जी महाराज सहित कई प्रबुद्धजन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा सभी चयनित प्रतिभाओं का माला, साफा एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि IAS और RAS जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र के बेटा-बेटियों ने नीमकाथाना का नाम पूरे प्रदेश और देश में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। वक्ताओं ने युवाओं को इन सफल अभ्यर्थियों से प्रेरणा लेने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिश्रम करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने भी मंच से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और परिवार के सहयोग से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को सही दिशा में मेहनत करने, समय का सही प्रबंधन करने और असफलताओं से सीख लेने की सलाह दी।

समारोह में IAS 2024 में 92वीं रैंक प्राप्त करने वाले दीपक गोदारा का विशेष रूप से सम्मान किया गया। वहीं RAS 2024 में चयनित अभ्यर्थियों—नेहा चौधरी (164वीं रैंक), प्रकाश चंद ओला (180वीं रैंक), सरिता महरिया (419वीं रैंक), सोनू सिंह तंवर (488वीं रैंक), विनोद कुमार जाखड़ (625वीं रैंक), विजय यादव (डिफेंस कैटेगरी 8वीं रैंक) तथा राजेंद्र कुमार चला (डिफेंस कैटेगरी 32वीं रैंक)—को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रतिभाओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। समारोह में उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के साथ सभी प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit