वीडियो न्यूज़ : रेलवे की जमीन पर हुए अतिक्रमण पर चला बुल्डोजर : कार्रवाई से लोगों में मचा हड़कंप, सुरक्षा जाब्ता रहा मौजूद, अधिकारी बोले - सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं

फोटो  : फाइल फोटो 

खेतड़ी , 28 अप्रेल 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

सिंघाना कस्बे में रेलवे विभाग द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की गई है। मंगलवार को रेलवे की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से रेलवे की जमीन पर किए गए कच्चे-पक्के निर्माणों को हटाना शुरू कर दिया। यह कार्रवाई रेलवे लाइन के दोनों ओर किए गए अतिक्रमणों को हटाने के लिए की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पहले यहां छोटी रेलवे लाइन होने के कारण पटरियां बिछी हुई थीं, जिन पर हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के तांबे के परिवहन के लिए मालगाड़ी का संचालन होता था। बाद में लाइन बंद होने और पटरियां उखाड़े जाने के बाद लोगों ने रेलवे की जमीन पर कब्जा कर लिया था। मंगलवार को नारनौल रेलवे सेक्शन के इंचार्ज जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजस्थान पुलिस के जवान मौके पर मौजूद रहे, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से अंजाम दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सिंघाना से डाबला तक रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

इसके साथ ही डाबला से चिड़ावा तक नई रेलवे लाइन के प्रस्ताव की भी सूचना मिल रही है, जिसके चलते इस कार्रवाई को और भी अहम माना जा रहा है।

इस अभियान में जूनियर इंजीनियर सरवन मीणा सहित रेलवे विभाग के अन्य अधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर हलचल बनी रही, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit