हादसे में सरकारी टीचर और पत्नी की मौत : ट्रेलर से आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक से उछलकर गिरे, पुलिस ने ट्रक को जब्त किया, चालक की तलाश जारी

फोटो  : फाइल फोटो 

झुंझुनू, 29 अप्रेल 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जिले में आज दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में सरकारी टीचर और उनकी पत्नी की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दंपती सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सीकर जिले के जीणमाता क्षेत्र के पास रेंटा गांव निवासी अशोक गुर्जर (30) पुत्र बिरजूराम गुर्जर अपनी पत्नी पूजा (25) के साथ बाइक से नवलगढ़ क्षेत्र जा रहे थे। वे बागोरिया की ढाणी स्थित चेच्यावाली ढाणी में पूजा की मां से मिलने के लिए निकले थे।

दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे:-

रास्ते में गोल्याणा-रामपुरा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को सीकर के एसके अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। अशोक गुर्जर जीणमाता राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अध्यापक थे।

ट्रक जब्त, चालक की तलाश:-

हादसे की सूचना मिलते ही गोठड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के बाद सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।

तीन साल पहले हुई थी शादी:-

बताया जा रहा है कि पूजा और अशोक की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। घटना की खबर जैसे ही रेंटा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिए।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit