श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक पर हमला : मुंह पर मारे थप्पड़, भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, पुलिस ने तीन लोगों को किया डिटेन

फोटो  : फाइल फोटो 

श्रीगंगानगर , 30 अप्रेल 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी पर हमले का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बिहाणी कॉलेज परिसर स्थित विधायक सेवा केंद्र में हुई, जहां शहर में चल रही पेयजल समस्या को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा चल रही थी।

जानकारी के अनुसार बैठक में राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना (RUIDP) के एईएन जगन्नाथ बैरवा और ठेका कंपनी एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर माहौल गरमा गया और विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि तैश में आकर अधिकारियों ने विधायक बिहाणी के साथ हाथापाई कर दी और उनके चेहरे पर थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान विधायक का चश्मा भी टूट गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुरानी आबादी से आए लोगों ने बीच-बचाव कर विधायक को छुड़वाया। वहीं, विधायक के समर्थकों ने भी गुस्से में आकर संबंधित अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। जवाहरनगर थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि इस मामले में जगन्नाथ बैरवा, शाहनवाज और एक अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश:-

इस घटना के बाद शहर की राजनीति में हलचल मच गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मंथन शुरू हो गया है। विधायक पर हमले की घटना ने विकास कार्यों की निगरानी और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit