पुलिस ने फिरौती कांड के आरोपियों का निकाला जुलुस : मामले में सात आरोपी गिरफ्तार, मुंडन कराकर सड़कों पर पैदल घुमाया, आरोपी कान पकड़कर बोले -“अपराध करना पाप है”

फोटो  : फाइल फोटो 

बारां , 30 अप्रेल 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

पुलिस ने शहर में चर्चित फिरौती कांड के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दो आरोपियों का मुंडन कराकर उन्हें शहर की सड़कों पर पैदल घुमाया और घटना स्थल की तस्दीक कराई। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर “अपराध करना पाप है” कहते हुए सिर झुकाए नजर आए।

घटना स्थल की तस्दीक के बाद रिमांड अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब भी फिरौती की शेष राशि की बरामदगी के लिए गहन जांच में जुटी है।

सात आरोपी गिरफ्तार :-

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि मामले में पहले ही आरोपी सुमित नागर, मोनू उर्फ मोईन खान, साजिद उर्फ राइडर और रेहान उर्फ ईशु को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनकी जल्द शिनाख्त परेड कराई जाएगी। गुरुवार को दो अन्य आरोपी शाहरुख उर्फ जावेद और राहिल को घटना स्थल पर ले जाकर तस्दीक कराई गई, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर उन्हें भी जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, एक कार और फिरौती की 8 लाख रुपए की राशि बरामद की है।

वहीं फरार चल रहे मुख्य आरोपी सैफ अली (27) पुत्र उस्मान निवासी ओढपुरा को बुधवार को सदर थाना पुलिस ने एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद उसे भी न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस तरह अब इस मामले के सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit