जनगणना 2027 का प्रथम चरण शुरू : जिला कलेक्टर मोदी ने कलेक्टर आवास पर अपने मोबाइल से की स्व-गणना, इस लिंक पर क्लिक कर आप करें स्व-गणना

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर, 01 मई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशीष मोदी ने शुक्रवार को कलेक्टर आवास पर अपने मोबाइल के माध्यम से स्वयं जनगणना कर अपना विवरण दर्ज किया।

इस दौरान जिला कलेक्टर मोदी ने स्व-गणना की वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर अपने आवास सहित कुल 34 प्रश्नों के उत्तर भरकर अपने आवास की ऑनलाइन मैपिंग के साथ जियो-टैगिंग दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण की।

उन्होंने आमजन को प्रेरित करते हुए कहा कि 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना की जाएगी। इस अवधि में सीकर जिले के नागरिक अधिक से अधिक संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले में स्व-गणना कार्य का शुभारंभ 1 मई 2026 से किया गया है। इसके तहत नागरिक 1 मई से 15 मई 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने परिवार एवं मकान संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा।

जिला कलेक्टर ने बताया कि नागरिक घर बैठे अपनी सुविधा अनुसार परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। पोर्टल हिन्दी, अंग्रेजी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है। स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण होने पर नागरिकों को पहचान संख्या मोबाइल अथवा ई-मेल पर प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि 16 मई से 14 जून तक प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। इस दौरान स्व-गणना कर चुके नागरिकों को सत्यापन हेतु अपनी स्व-गणना पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी। जनगणना के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः सुरक्षित एवं गोपनीय रखी जाएंगी। जनगणना के प्रथम चरण में कुल 34 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी एकत्रित की जाएगी, जिनमें मकान संख्या, निर्माण सामग्री, मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, पेयजल स्रोत, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, रसोईघर, ईंधन, इंटरनेट सुविधा, मोबाइल, वाहन, मुख्य अनाज तथा मोबाइल नंबर सहित विभिन्न विवरण शामिल हैं।

जिला कलेक्टर मोदी ने बताया कि जनगणना-2027 में पहली बार डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। डेटा संकलन के लिए प्रगणकों द्वारा मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिससे कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित होगी।

जिला कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अधिकाधिक संख्या में स्व-गणना कर जनगणना कार्य को सफल बनाएं।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit