NEET (UG ) - परीक्षा 2026 आज : सीकर जिले में 102 केंद्रों पर 29,979 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा व हीटवेव से बचाव के रहेंगे विशेष इंतजाम

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर , 03 मई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

सीकर सहित देशभर में आज NEET (UG ) -2026 परीक्षा आयोजित होगी । सीकर जिले में दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक 102 केंद्रों पर 29,979 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे । परीक्षा केंद्र पर सुबह 11 बजे से परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हो जाएगा और परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा।

परीक्षा दोपहर 2 बजे से सायं 5 तक आयोजित होनी है ऐसे में परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसलिए अभ्यर्थी समय और परीक्षा की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए समय पर परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचें।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि उड़नदस्ता, ऑब्जर्वर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक एवं वृत्त निरीक्षक समन्वय के साथ कार्य करेंगे। परीक्षा केंद्र के बाहर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र अधीक्षक के पास ही मोबाइल फोन रहेगा तथा अन्य किसी को अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर आवश्यकतानुसार इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार ने बताया कि सीकर जिले में नीट परीक्षा 2026 के लिए सीकर जिले में 102 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जो सभी सरकारी विद्यालय और महाविद्यालय में बनाए गये है । वहीं नीट परीक्षा 2026 के लिए सीकर जिले में 29 हजार 979 अभ्यर्थी पंजीकृत है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए 6 सिटी कोऑर्डिनेटर बनाए गए हैं इसके साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी नीट परीक्षा की व्यवस्था और सफल संचालन के लिए चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि नकल एवं अवांछित गतिविधियों की रोकथाम के लिए पर्यवेक्षक और ऑब्जर्वर भी लगाए गए हैं।

इसके साथ ही एसडीएम, तहसीलदार व जिला स्तरीय अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का जाब्ता भी परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेगा। गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्र पर समुचित पीने के पानी की व्यवस्था रहेगी।

इसके साथ ही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के पास एएनएम सहित मेडिकलकर्मी को लगाया जाएगा। जिनके पास दवाईयां सहित उपचार के संसाधन रहेंगे ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

एडीएम एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार स्वामी ने बताया कि नकल एवं अनुचित साधनों को रोकथाम के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं और जिला प्रशासन का विशेष प्रयास रहेगा की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से हो, परीक्षा में किसी भी अनुचित साधनों का प्रयोग नहीं हो इसको सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अलावा जो भी खुफिया एजेंसियों से सूचना मिलेगी उसके अनुसार समय पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit