फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 04 मई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना में कोतवाली थाना क्षेत्र में उद्योगपति ब्रह्मदत्त मोदी को व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित ने पुलिस को रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कपिल मंडी निवासी व्यवसायी ब्रह्मदत्त मोदी ने रिपोर्ट में बताया कि वह औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री संचालित करते हैं। 2 मई 2026 को दोपहर करीब 3:27 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। आवाज स्पष्ट नहीं आने पर दोबारा कॉल किया, लेकिन फिर भी बात साफ नहीं हो सकी।
इसके बाद उसी नंबर से वॉइस मैसेज आने शुरू हो गए, जिनमें आरोपियों ने खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। साथ ही पैसे नहीं देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। मैसेज में गाली-गलौज करते हुए डराने का प्रयास भी किया गया।
स्थानीय व्यक्ति पर शक:-
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने बार-बार कॉल और वॉइस मैसेज भेजकर मानसिक दबाव बनाया। उन्हें शक है कि उनके व्यवसाय और परिवार की जानकारी किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा आरोपियों तक पहुंचाई गई है।
मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस कर रही जांच, सुरक्षा की मांग:-
परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की धमकी भरे कॉल या मैसेज मिलने पर तुरंत सूचना दें और घबराएं नहीं।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment