फोटो : फाइल फोटो
राजसमंद , 06 मई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
प्रदेश की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांगठकला में 70 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जेसीबी से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, कार्यक्रम संयोजक राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, पूर्व प्रधान अरविंद सिंह सहित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
दीया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं, जिससे आमजन के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।
डबल इंजन सरकार का लक्ष्य :-
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति के समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना भी है।
इन कार्यों का किया शिलान्यास व लोकार्पण :-
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सांगठकला से सहाड़ा गंगापुर वाया साकरोदा, सुन्दरचा, तासोल, खटामला और बिनोल तक 28.90 किलोमीटर लंबाई के सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण का कार्य रहा, जिसकी लागत 47.96 करोड़ रुपए है। इसके अतिरिक्त पुठोल में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का उद्घाटन किया गया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment