फोटो : फाइल फोटो
सीकर, 08 मई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार शाम को खण्डेला के ग्राम जाजोद में ग्राम विकास चैपाल कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब किसान मजबूत होगा तो गांव, प्रदेश और देश खुशहाल बनेगा। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं का जिक्र किया ।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम के तहत ग्राम जाजोद में ग्रामीणों के साथ बातचीत की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानी और सम्बन्धित अधिकारियो को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर खण्डेला में खेल स्टेडियम खोलने की और जाजोद स्कूल में दो नए संकाय खोलने की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पशुपालकों से भी संवाद किया।
किसान सम्मान निधि :-
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान और आर्थिक सशक्तीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए किसान अपनी पैदावार बढ़ाने के लिए उन्नत एवं आधुनिक खेती को अपनाएं। हमारी सरकार ने किसानों को मिलने वाली 6 हजार रुपये की सम्मान निधि को बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया है और इसे आगे भी बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि किसानों की सिंचाई जरूरतों की पूर्ति के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना के कार्यों को गति प्रदान की है। वहीं, शेखावाटी क्षेत्र के लिए युमना जल समझौता किया है, जिसे मूर्त रूप देने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। इंदिरा गांधी नहर परियोजना एवं गंगनहर के लिए पर्याप्त बजट दिया है। पूरे प्रदेश में किसानों की जल आवश्यकता की पूर्ति के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राइजिंग राजस्थान का आयोजन किया। अब तक लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। जिससे युवाओं को रोजगार मिलने की राह आसान हुई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर रही है। पेपरलीक के आरोपियों को पकड़ा गया है। अब तक सवा लाख से अधिक पदों पर युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए हैं।
युवा नौकरी लेने वाला नहीं, देने वाला :-
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा नौकरी लेने वाला नहीं, देने वाला भी बने। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के तहत युवाओं को ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों और वार्डों के विकास के लिए मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान चलाया गया है। जिसके जरिए विकास का रोडमैप बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी की धरती वीर सपूतों की धरती है। देश की रक्षा के लिए यहां के सपूतों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। कार्यक्रम में पद्मश्री सुंडाराम वर्मा ने जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए नवाचार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने किसानों से जल संरक्षण, तारबंदी, जैविक खेती, फार्म पोंड, ग्रीन हाउस, वर्मी कम्पोस्ट, कृषि संयंत्र अनुदान एवं बागवानी से जुड़े विषयों पर चर्चा कर राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान प्रगतिशील किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किसान, महिला एवं युवाओं की समस्याओं के निराकरण के लिए काम कर रहे हैं। अब तक पेश किए गए बजटों में आमजन की आवश्यकताओं से जुड़ी विभिन्न घोषणाएं की गई हैं, जिन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक सुभाष मील, गोरधन वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment