दौसा में 14 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत : अचानक जमीन पर गिर पड़ा, पानी पीने के लिए उठा था, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

फोटो  : फाइल फोटो 

दौसा , 08 मई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

दौसा जिले में महवा के समलेटी गांव में एक 14 वर्षीय बच्चे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिवार के अनुसार बच्चा सुबह करीब साढ़े आठ बजे बिस्तर से उठकर पानी पीने गया था। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

परिजन तुरंत उसे महवा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कार्तिक बैरवा (14) पुत्र अशोक बैरवा निवासी समलेटी गांव के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा का छात्र था और गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ाई करता था।

बच्चे की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

बच्चा शुक्रवार सुबह 8.30 बजे बिस्तर से पानी पीने उठा था, तभी अचानक वह गिर पड़ा। उसकी बड़ी बहन की एक मई को ही शादी हुई थी। कार्तिक आज दोपहर बाद पहली बार बहन को ससुराल से लेने जाने वाला था। 11 बजे उसका अंतिम संस्कार किया गया। भाई की तबीयत खराब होने की बात कहकर बड़ी बहन को ससुराल वाले लेकर आए।

कार्तिक के पिता अशोक बैरवा कैंसर के मरीज हैं। वे गांव में ही मजदूरी करते हैं। मां रजनी बैरवा गृहिणी हैं। कार्तिक गांव के समलेटी स्कूल में पढ़ता था। इसी स्कूल में उसकी छोटी बहन राधिका भी पढ़ती है।

डॉक्टर ने जताई हार्ट अटैक की आशंका :-

जिला अस्पताल की डॉक्टर माधुरी शर्मा ने बताया कि बच्चे को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर मामला सडन कार्डियक डेथ यानी अचानक हृदय गति रुकने का प्रतीत हो रहा है। डॉक्टर के अनुसार इस तरह के मामलों में पोस्टमॉर्टम से मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकती थी, लेकिन परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही शव को घर ले गए। ऐसे मामलों में कई बार मरीज को संभलने का मौका तक नहीं मिलता और मौके पर ही उसकी जान चली जाती है। ग्रामीणों के अनुसार कार्तिक पूरी तरह स्वस्थ नजर आता था। उसे पहले कभी किसी गंभीर बीमारी की शिकायत भी नहीं थी। ऐसे में अचानक हुई मौत ने परिवार के साथ पूरे गांव को भी सदमे में डाल दिया।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit