खेतड़ी की पपुरना पंचायत में फर्जी पट्टे का मामला : तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी को किया निलंबित, जिला परिषद ने की बड़ी कार्रवाई, ग्रामीणों ने कार्रवाई का किया स्वागत

फोटो  : फाइल फोटो 

खेतड़ी, 09 मई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

खेतड़ी की पपुरना पंचायत में फर्जी पट्टे जारी करने के मामले में जिला परिषद प्रशासन ने पपुरना के तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद की गई।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कैलाश चंद द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि पंचायत समिति विकास अधिकारी की प्रारंभिक जांच में फर्जी पट्टे जारी करने में अनियमितताएं और नियमों का उल्लंघन पाया गया। निलंबित ग्राम विकास अधिकारी जयकिशन का मुख्यालय अगले आदेश तक जिला परिषद मुख्यालय झुंझुनूं के पंचायत प्रकोष्ठ में रहेगा।

दस्तावेजों में हेरफेर :-

पपुरना ग्राम पंचायत क्षेत्र में फर्जी तरीके से पट्टे जारी किए जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद प्रशासन ने जांच शुरू की। जांच में दस्तावेजों में हेरफेर और प्रक्रियागत लापरवाही सामने आई, जिसके बाद सीईओ ने तत्काल निलंबन के आदेश जारी किए।

ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वही प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit