फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 11 मई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना के पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत 'दूंगा की नांगल' की 'चतरु की ढाणी' में नकाबपोश बदमाशों द्वारा एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला सहित परिवार के छह सदस्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नीमकाथाना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता संतोष देवी पत्नी प्रेमप्रकाश ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि 10 मई की शाम करीब 4:25 बजे गांव के कुछ लोगों ने उनके परिवार पर हमला किया। आरोप है कि नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए और महिला के साथ मारपीट की। उन्होंने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए महिला को घर से बाहर घसीटा और लाठी-डंडों से हमला किया।
हमले में संतोष देवी के पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। जब परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने आए, तो बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों को देर शाम नीमकाथाना जिला अस्पताल लाया गया।
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने परिवार के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने क्षेत्र में खनन माफियाओं को संरक्षण मिलने के कारण खुलेआम गुंडागर्दी बढ़ने का आरोप लगाया है।
सामाजिक कार्यकर्ता गिगराज जोडली ने की निंदा :-
घटना की सूचना मिलने पर संवैधानिक मंच के संस्थापक गीगराज जोडली नीमकाथाना अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जोडली ने कहा कि पुलिस प्रशासन की आड़ में क्षेत्र में गुंडागर्दी बढ़ रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की
नीमकाथाना डीएसपी कर रहे जांच :-
पाटन थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वही मामले की जांच नीमकाथाना डीएसपी कर रहे हैं।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment