सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या : तीन दिन बाद बदबू आने पर हुआ खुलासा, हत्या के बाद आरोपी पति खाटूश्यामजी भाग गया था

फोटो  : फाइल फोटो 

कोटपुतली , 13 मई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जिले के मांढण थाना क्षेत्र के महतावास गांव में एक पति ने सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बंद कर ट्रेन से खाटूश्यामजी चला गया।  घटना का खुलासा तीन दिन बाद घर से बदबू आने पर हुआ।

पुलिस ने गांव लौटते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 7 मई की रात को वारदात को अंजाम दिया। 10 मई को घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर बेड पर खून से लथपथ महिला का शव बरामद किया। शव का पोस्टमार्टम नीमराना सीएचसी में कराया गया। इसके बाद 12 मई को आरोपी के गांव लौटते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मांढण थानाधिकारी किरण सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में महिला के पति कपिल सेन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

भाई ने दर्ज कराया हत्या का मामला:-

मृतका मोनिका (36) के भाई पवन सेन निवासी घीलोठ (नीमराना) ने 10 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। रिपोर्ट में बताया कि 30 नवंबर 2009 को उसकी दो बहनों मोनिका और भारती की शादी महतावास निवासी दो भाइयों कपिल और गजेंद्र से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर दोनों बहनों को परेशान किया जाता था। हालात बिगड़ने पर भारती 7-8 साल पहले पीहर आकर रहने लगी, जबकि मोनिका ससुराल में ही रह रही थी।

शादी में आई थी गांव :-

पुलिस ने बताया कि 6 मई को गांव में एक शादी समारोह में कामकाज के लिए मोनिका ससुराल आई थी। 7 मई की रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने घर पर ही रुक गई। देर रात आरोपी ने कुल्हाड़ी से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शक से बचने के लिए वह घर बंद कर खाटूश्यामजी चला गया।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit