फोटो : फाइल फोटो
सीकर, 15 मई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिले में रींगस-खाटू मार्ग पर शुक्रवार को एक कैंपर और सवारी गाड़ी के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई । इस हादसे में 23 लोग घायल हो गए। इनमें से 7 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रींगस-खाटू मार्ग पर स्थित गोल्डन वाटर पार्क के पास हुआ। एक सवारी गाड़ी रींगस से श्रद्धालुओं को लेकर खाटूश्यामजी की ओर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी वाटर पार्क के पास पहुंची, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कैंपर गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह पिचक गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत साहस दिखाया और मलबे में फंसे लहूलुहान यात्रियों को बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल, खाटूश्यामजी पहुंचाया गया। घायलों की संख्या को देखते हुए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त चिकित्सा कर्मियों को तैनात करना पड़ा।
23 घायल भर्ती :-
अस्पताल के पीएमओ डॉ. गोगराज सिंह ने बताया, अस्पताल में कुल 23 घायल लाए गए थे। हमारी टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, 7 श्रद्धालुओं की चोटें काफी गंभीर थीं, जिसके चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सीकर और जयपुर (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया गया है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या हादसा ओवरटेकिंग या तेज गति के कारण हुआ।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment