फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 16 मई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना क्षेत्र के मावंडा रेलवे स्टेशन पर दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर एक्सप्रेस और चेतक एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव सहित मूलभूत यात्री सुविधाओं की कमी को लेकर स्टेशन सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई । बैठक में स्टेशन अधीक्षक आरएस मीणा और वाणिज्य निरीक्षक मोहनलाल मीणा भी उपस्थित थे।
बैठक के बाद समिति के सदस्यों ने स्टेशन मास्टर को एक ज्ञापन सौंपकर जयपुर के डिवीजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) से कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज न होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को रोजाना ट्रैक पार करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर स्टेशन के सामने और प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर टिन शेड की कमी है। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पीने के पानी का भी अभाव है, जिससे भीषण गर्मी में यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
ट्रेनों के ठहराव की मांग :-
सलाहकार समिति ने दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर एक्सप्रेस और चेतक एक्सप्रेस ट्रेनों के मावंडा स्टेशन पर ठहराव की मांग की। साथ ही, धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए माता वैष्णो देवी कटरा के लिए सीधी ट्रेन चलाने की भी मांग की गई।
जलभराव की समस्या :-
समिति ने गेट नंबर 70 और 71 पर अंडरपास में जलभराव की समस्या भी उठाई। ज्ञापन में बताया कि हल्की बारिश के बाद भी इन अंडरपास में चार से पांच फीट पानी भर जाता है, जिससे पूरा इलाका स्टेशन से कट जाता है और यातायात बाधित होता है।
दिया आश्वासन :-
वाणिज्य निरीक्षक मोहनलाल मीणा ने सलाहकार समिति के सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment