फोटो : फाइल फोटो
कोटा, 17 मई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
कोटा रेल मंडल में त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसा सुबह करीब 5.15 बजे कोटा मंडल के लूणी रीछा-विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के बीच हुआ।
त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एसी कोच में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
आग ट्रेन के कोच नंबर B-1 और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। हादसे की जानकारी के बाद कोटा जंक्शन पर हूटर बजने लगे। राहत और बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई।
सूचना मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोका गया और कोटा मंडल की आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात फिलहाल रोक दिया गया है। रेलवे अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि कोच में 68 यात्री सवार थे। आग लगने की खबर गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी थी। इसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया।
पैसेंजर्स को बाहर निकाला। करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली कराया गया। कुछ मिनटों में ही आग पूरे कोच में फैल गई थी। हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कुछ पैसेंजर्स का सामान आग में जल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment