एग्जाम देने जा रही विवाहिता को डंपर ने कुचला : पति की हालत गंभीर, 3 माह के बेटे को घर छोड़ निकले थे दंपती; डंपर ड्राइवर मौके से फरार

फोटो  : फाइल फोटो 

झुंझुनू , 20 मई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

झुंझुनू में स्टेट हाईवे नंबर-3 पर बुधवार को तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पति - पत्नी को कुचल दिया । हादसे में प्री-डीएलएड एग्जाम देने जा रही पूजा कुमारी (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति मनजीत मेघवाल (29) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बीडीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसा कोतवाली थाना इलाके के गोलाई मोड़ पंचदेव मंदिर के आगे इंडाली बाइपास पर बुधवार सुबह 11:30 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार मूल रूप से बसावता गांव निवासी पूजा कुमारी राजस्थान कॉलेज, झुंझुनूं से बीएड कर रही थी। वह पति के साथ स्कूटी से एग्जाम देने जा रही थी। दोनों वर्तमान में सुलताना थाना क्षेत्र के सोलाना गांव में रहते थे, जहां मनजीत एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत है। इंडाली मोड़ के पास पीछे से आए डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पूजा डंपर के पहियों के नीचे आ गई। वहीं मनजीत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसे बीडीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

3 महीने का मासूम बेटा :-

परिजनों ने बताया कि पूजा एग्जाम के चलते 3 महीने के मासूम बेटे को घर पर ही छोड़कर गई थी। मनजीत के पिता की मौत हो चुकी है। घर पर बच्चे के साथ उसकी मां थी। मनजीत की दो बहनें भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। मनजीत पेट्रोल पंप पर सेल्समेन है।

हादसे के बाद मेघवाल समाज के लोग बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर इकट्‌ठा हुए। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने तक शव लेने से इनकार कर दिया।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit