फोटो : फाइल फोटो
खेतड़ी , 21 मई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
खेतड़ी में जन सेवा समिति ने गुरुवार को एसडीएम कार्यालय के सामने भोपालगढ़ फोर्ट का रास्ता फिर से खुलवाने सहित अन्य मांगो को लेकर धरना देकर विरोध जताया। समिति ने प्रशासन से समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।
धरने पर बैठे लोगों ने बताया कि भोपालगढ़ फोर्ट का रास्ता आमजन की आवाजाही के लिए खुला रहना चाहिए। मार्ग पर गेट लगाकर अवरोध खड़ा करना जनहित के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि खेतड़ी कस्बा रियासत कालीन समय का विश्व प्रसिद्ध कस्बा है।
मुख्य द्वार पर ताला :-
समिति के अनुसार, भोपालगढ़ किला ऐतिहासिक रूप से रियासत कालीन समय में सामरिक और रिहायशी निवास के लिए उपयोग किया जाता था। आज भी भोपालगढ़ ग्राम में लोग निवास करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट के लोगों ने मुख्य द्वार पर ताला लगाकर किले पर कब्जा करने का प्रयास किया है, जिससे क्षेत्र की जनता में काफी आक्रोश है। इसके अतिरिक्त, खेतड़ी कस्बे में कई स्थानों पर ट्रस्ट द्वारा रास्तों को बंद करने के लिए दीवारें बनाई जा रही हैं।
जन सेवा समिति की प्रमुख मांगों में भोपालगढ़ किले पर लगाए गए बैरिकेड्स को हटाकर रास्ता सुचारु करना, पूर्व में दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच करवाना, प्राचीन मंदिरों पर किए जा रहे कब्जे हटवाना, केवल वसीयत में वर्णित संपत्ति ट्रस्ट को देना और ट्रस्ट द्वारा खेतड़ी क्षेत्र में शिक्षा, छात्रवृत्ति तथा जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देना शामिल है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी :-
समिति पिछले दो महीने से धरना दे रही है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment