झुंझुनू में 8.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते VDO गिरफ्तार : आवासीय भूखंड के कन्वर्जन और एनओसी जारी करने के बदले मांगी रिश्वत, अलग-अलग लोकेशन पर बुलाता रहा

फोटो  : फाइल फोटो 

झुंझुनू, 25 मई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

झुंझुनूं की एसीबी टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजगढ़ क्षेत्र में बेरला ग्राम पंचायत के ग्राम सेवक (ग्राम विकास अधिकारी) राजकुमार को 8 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है।

आरोपी ग्राम सेवक परिवादी से आवासीय भूखंड के कन्वर्जन और एनओसी जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। इसके बाद रिश्वत की रकम देने परिवादी को अलग-अलग जगह बुलाता रहा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार पूनियां ने बताया कि परिवादी राजेंद्र सैनी, किशोरपुरा निवासी, बेरला गांव में अपने आवासीय भूखंड पर मेडिकल स्टोर संचालित करता है। उसके पास ड्रग लाइसेंस भी है।

आरोप है कि ​इस महीने की 1 मई को बेरला और लोटिया ग्राम पंचायत का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे ग्राम सेवक राजकुमार ने परिवादी को एक नोटिस थमाया। नोटिस में कहा गया कि वह गांव में आवासीय भूमि का व्यावसायिक उपयोग कर रहा है, जो कि अवैध है। ग्राम सेवक ने परिवादी पर दबाव बनाया कि वह इस संबंध में अपने साक्ष्य लेकर आए।

10 रिश्वत की डिमांड की :-

परिवादी ने जब भूखंड को व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तित कराने और एनओसी जारी करवाने के लिए संपर्क किया तो आरोपी अधिकारी ने शुरुआत में 10 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी की ओर से 8 लाख 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

रिश्वत के लिए कटवाए चक्कर :-

​एएसपी नरेंद्र पूनिया ने बताया कि आरोपी ग्राम सेवक ने रिश्वत की रकम वसूलने के लिए परिवादी को काफी चक्कर कटवाए। पहले उसने परिवादी को अपने कार्यालय बुलाया, फिर वहां से यह कहकर भेज दिया कि वह खुद उसकी मेडिकल की दुकान पर आकर रकम लेगा। इसके बाद वह वहां से भी निकल गया और आखिरकार सूरजगढ़ में एक निजी मेडिकल स्टोर पर परिवादी को पैसे लेकर बुलाया।

​जैसे ही परिवादी सूरजगढ़ में आरोपी ग्राम सेवक राजकुमार को 8.50 लाख रुपए थमाए, वैसे ही पहले से तैयार बैठी ACB की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। ACB की टीम आरोपी ग्राम सेवक को हिरासत में लेकर सूरजगढ़ थाने में आगे की कागजी कार्रवाई और पूछताछ में जुटी हुई है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit