फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 26 मई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना क्षेत्र की पाटन तहसील के रायपुर स्थित राजकीय प्राथमिक चिकित्सालय के मुख्य गेट के सामने मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक ओवरलोड डंपर ने 11 हजार केवी बिजली लाइन के पोल को टक्कर मार दी, जिससे बिजली लाइन टूटकर नीचे गिर गई और पूरे रायपुर पाटन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर में क्षमता से अधिक माल भरा हुआ था, जिसके कारण उसकी ऊंचाई बढ़ गई थी। इसी दौरान डंपर अस्पताल के सामने से गुजरते समय बिजली लाइन से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया और लाइन टूटकर नीचे गिर गई।
घटना के समय सड़क पर आवाजाही जारी थी, लेकिन गनीमत रही कि लाइन गिरने के दौरान नीचे कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के क्षेत्र की बिजली सप्लाई तुरंत बंद हो गई।
हादसे की सूचना लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को दी । सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोड वाहनों की वजह से इस प्रकार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मामले की जांच की जा रही है तथा डंपर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी तरफ स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment