फोटो : फाइल फोटो
खेतड़ी, 29 मई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
खेतड़ी उपखंड की राजोता ग्राम पंचायत में कैटल शेड निर्माण योजना में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि योजना के नाम पर एक गरीब अनुसूचित जाति परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दो वर्षों से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार लगरिया की ढाणी निवासी एससी महिला सुशीला देवी के नाम वर्ष 2023 में कैटल शेड स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि पंचायत स्तर पर नींव खुदवाकर निर्माण कार्य शुरू करवाया गया, लेकिन करीब चार फीट तक दीवार बनने के बाद कार्य बंद कर दिया गया। तब से लेकर अब तक निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान मिस्त्री व मजदूरों की मजदूरी चुकाने के लिए उन्हें अपनी बकरियां तक बेचनी पड़ीं, बावजूद इसके उन्हें अब तक योजना की स्वीकृत राशि नहीं मिली। बल्कि मजदूर मिस्रियों के रुपए चुकाने में कर्ज और हो गया। इससे पहले यह परिवार पशुपालन कर अपना गुर्जर बसर चला रहा था । अब वह बकरियां भी बिक गई ।
बताया जा रहा है कि कैटल शेड निर्माण के लिए करीब डेढ़ लाख रुपए की राशि स्वीकृत होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि गरीब परिवारों के साथ योजनाओं के नाम पर धांधली की जा रही है। ग्रामीण रामनिवास लादी ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर पीड़ित परिवार को स्वीकृत राशि दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में पंचायत प्रशासन के प्रति लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment