फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 30 मई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को तेज आंधी और तूफान के चलते जयपुर मंडल के मालवाहक रेल कॉरिडोर पर बड़ा हादसा टल गया। क्षेत्र के न्यू भागेगा रेलवे स्टेशन पर खड़ी डबल डेकर मालगाड़ी के चार खाली कंटेनर तेज हवाओं की चपेट में आकर नीचे गिर गए। कंटेनर गिरने से अप और डाउन दोनों रेल लाइनें बाधित हो गईं, जिससे कुछ समय के लिए मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, न्यू भागेगा स्टेशन पर डबल डेकर मालगाड़ी के खाली कंटेनर खड़े हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज अंधड़ के साथ तूफानी हवाएं चलने लगीं। तेज हवा के दबाव के कारण ऊपर रखे चार कंटेनर संतुलन खो बैठे और नीचे पटरी पर गिर गए।
कंटेनर गिरते ही रेलवे ट्रैक पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई कर्मचारी या अन्य ट्रेन मौजूद नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही न्यू भागेगा स्टेशन से रेलवे अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। कंटेनरों को हटाने के लिए मशीनों और विशेष तकनीकी टीम की सहायता ली गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कंटेनरों को पटरी से हटाकर ट्रैक को साफ किया गया।
रेल अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर राहत एवं बचाव ट्रेन को रेवाड़ी स्टेशन से शाम 7:13 बजे रवाना किया गया था। ट्रैक दुरुस्त होने के बाद मालगाड़ियों की आवाजाही दोबारा सुचारु कर दी गई।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment