फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 31 मई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना पुलिस सर्किल में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्थाई वारंटी एचएस और वांटेड भी शामिल है। जिनके खिलाफ विभिन्न जिलों में कई मामले दर्ज हैं ।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा एवं पुलिस उपाधीक्षक सुशील मान के सुपरविजन में की गई ।
अभियान के तहत नीमकाथाना सर्किल के चार थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी गई। इस विशेष अभियान में 9 थानाधिकारी और 300 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी शामिल रहे।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 13 वाहनों को भी जब्त किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऐसे लोगों को चिन्हित कर डिटेन किया गया जो बदमाशों की गतिविधियों को फॉलो करते हैं, सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो अपलोड करते हैं अथवा किसी गैंग से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े होने के कारण पूर्व में चालानशुदा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि हाल ही में व्यापारियों को मिले धमकी भरे फोन कॉल्स के मद्देनजर संभावित गैंग से कनेक्शन रखने वाले व्यक्तियों को पुलिस की रडार पर रखा गया था।
अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आकर आपराधिक गैंगों से नहीं जुड़ने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और गैंग संस्कृति के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment