फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 01 जून 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना शहर के वार्ड नंबर 7 में देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना में महिला घायल हो गई, जिसके कारण महिला के कान पर चार टांके आए हैं।
जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय शिणगौरी देवी घर के बाहर आंगन में चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और महिला के साथ छीनाझपटी शुरू कर दी। महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया।
तीनों बदमाश बुजुर्ग महिला को चारपाई से नीचे गिराकर घसीटते हुए घर के अंदर एक कमरे में ले गए। वहां बदमाशों ने महिला के कानों की बालियां तोड़ लीं और गले से मंगलसूत्र छीन लिया। इसके बाद महिला को कमरे में बंद कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता शिणगौरी देवी ने बताया कि घटना के समय घर पर कोई नहीं था। बदमाश अचानक आए और आते ही छीनाझपटी शुरू कर दी। विरोध करने और शोर मचाने पर बदमाशों ने उनका मुंह बंद कर दिया। कुछ देर बाद जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो महिला कमरे में बंद मिली। इसके बाद घायल महिला को नीमकाथाना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनके एक कान पर चार टांके लगाए गए ।
सूचना मिलते ही इलाके लोग लोग जमा हो गए। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआवना किया और जानकारी जुटाई। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment