फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 01 जून 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
राज्य सरकार के वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत नीमकाथाना के कुरबाड़ा में जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता से संबंधित एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया और जल संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका ईओ रणजीत सिंह द्वारा सभी उपस्थितजनों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही अतिथियों एवं ग्रामीणों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा जोहड़ में श्रमदान कर जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर पीपल वृक्ष की पूजा-अर्चना भी की गई।
सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर ने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए क्षेत्र के जोहड़ एवं तालाबों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक वर्षा जल का संचयन हो सके और पशुधन एवं आमजन को जल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस अभियान में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से जल संरक्षण कार्यों को गति मिल रही है।
अनुदान भी उपलब्ध :-
सीकर पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि प्रधानमंत्री के जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता के संकल्पों को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में इसे गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने जल संचयन संरचनाओं के लिए आवेदन किया था, उन्हें अनुदान भी उपलब्ध कराया गया है।
वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के जयपुर संभाग प्रभारी महेंद्र यादव ने कहा कि सरकार और आमजन के समन्वय से जल संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुओं, बावड़ियों एवं जल स्रोतों की सफाई तथा वर्षा जल संग्रहण को बढ़ावा देने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है, जिससे यह अभियान एक जनजागरण आंदोलन का रूप ले सके।
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के जयपुर संभाग प्रभारी महेंद्र यादव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर भागीरथ साख, उपखंड अधिकारी राजवीर यादव, तहसीलदार देवीलाल चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सैनी, नगर पालिका ईओ रणजीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment