जयपुर में थार ने बाइक सवार को मारी टक्कर : हादसे में बाइक सवार की मौत, थार MBBS स्टूडेंट चला रहा था, टक्कर के बाद भी थार 150 मीटर तक घसीट ले गई

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर, 03 जून 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जयपुर में MBBS स्टूडेंट ने थार (SUV) गाड़ी से एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक को थार करीब 150 मीटर तक घसीट ले गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसा  देर रात डेढ़ से दो बजे के बीच रामनगरिया थाना क्षेत्र के महल रोड (जगतपुरा) पर हुआ।

दुर्घटना के बाद वहां मौजूद 2 युवकों ने थार को रोक लिया। थार में तीन युवक सवार थे। आरोप है कि थार सवार सभी युवक नशे में थे। थार गाड़ी को MBBS स्टूडेंट चला रहा था।

दौसा के रहने वाले राकेश मीणा (28) अपने परिवार के साथ जगतपुरा स्थित आरती नगर में रहते थे। देर रात कुंभा मार्ग से बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अक्षयपात्र चौराहे के पास तेज गति से आई थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अस्पताल में हंगामे का आरोप :-

हादसे के बाद करीब आठ अन्य लोग महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे। उनका आरोप है कि हॉस्पिटल में आरोपी पक्ष और उनके साथियों ने गाली-गलौज और हाथापाई की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला शांत कराया।

राकेश मीणा कुछ समय से परिवार के साथ ब्यावर में रहते थे। 5 दिन पहले ही पत्नी और दो बेटों के साथ जयपुर शिफ्ट हुए थे। राकेश के दो बेटे दक्ष (8) और कृष्णा (4) हैं। जिनके सिर से पिता का साया उठ गया

थार गाड़ी जब्त :-

रामनगरिया थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि राकेश (मृतक) के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल थार जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है ।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit