फोटो : फाइल फोटो
खेतड़ी, 04 जून 2026
रिपोर्ट : एडिटर
खेतड़ी के ग्राम पंचायत गोठड़ा के वार्ड संख्या 5 स्थित रामदेव मोहल्ला में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति बंद होने से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों महिलाओं ने शहीद स्मारक के पास नेशनल हाईवे-311 पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करने वाली महिलाओं का कहना था कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में पानी की सप्लाई बंद है, जिससे दैनिक कार्यों के साथ-साथ पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं होने पर महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
उधर हाईवे जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर खेतड़ीनगर पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों से समझाइश शुरू की।
इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि हरिराम गुर्जर ने भी मौके पर पहुंचकर महिलाओं से वार्ता की। बाद में जलदाय विभाग के एईएन दौलतराम एवं श्रद्धा धवन भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु करने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन और समझाइश के बाद करीब एक घंटे बाद महिलाओं ने हाईवे से जाम हटाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था पुनः सामान्य हो सकी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की नियमित सप्लाई शुरू नहीं की गई तो वे पुनः आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment