वीडियो न्यूज़ : बेनीवाल और भाजपा अध्यक्ष के बीच विवाद मामला : बेनीवाल के नोटिस पर मदन राठौड़ का जवाब, बोले- लोकतंत्र में विरोध करना सभी का अधिकार, लेकिन..

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर/नागौर, 04 जून 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख-नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के बीच बयानबाजी का विवाद कानूनी मोड़ ले चुका है। मदन राठौड़ ने सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें नोटिस मिल चुका है और पार्टी के वरिष्ठ नेता व कानूनी विशेषज्ञ इसका अध्ययन कर उचित जवाब देंगे।

मदन राठौड़ ने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या समाज और राजनीतिक कार्यकर्ता उस तरह की राजनीति और शब्दावली को स्वीकार करते हैं, जो व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और अमर्यादित टिप्पणियों पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य शुद्धिकरण और जनसेवा होना चाहिए, न कि स्तरहीन बयानबाजी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने यह भी कहा कि नोटिस में उन पर सामाजिक बहिष्कार की बात कहने का आरोप लगाया गया है, जबकि उन्होंने केवल “प्रार्थना” और “चाहिए” जैसे शब्दों का प्रयोग किया था। उन्होंने कहा कि यह कानूनी विषय है और इसका जवाब पार्टी के विधि विशेषज्ञ तय करेंगे।

राठौड़ ने हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वह विरोध करने आए कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेने के लिए स्वयं वाहन से उतरने वाले थे, लेकिन कुछ लोगों ने गाड़ी पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन हिंसक और आक्रामक व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

उन्होंने राजनीति में शालीनता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि विरोधियों की आलोचना करना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन भाषा की मर्यादा और सभ्यता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी हो या सचिन पायलट जी राजनीतिक मतभेदों के बावजूद बो हमेशा संयमित भाषा का प्रयोग करते हैं और यही लोकतांत्रिक परंपरा की पहचान है।

मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा आलोचनाओं से नहीं घबराती और यदि कोई कमी है तो उसे सुधारने के लिए तैयार है, लेकिन राजनीति में आदर्श और गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में भाजपा और RLP के बीच जारी जुबानी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit