फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 06 जून 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शनिवार को सहायक अभियंता (AEn) मामराज जाखड़ ने FSTP (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सहायक अभियंता जाखड़ ने बताया कि नगर पालिका आमजन की सुविधा के लिए आधुनिक सीवर सक्शन मशीन का संचालन कर रही है। इस मशीन से गटर और कुई से गाद (मलबा) निकालने की प्रक्रिया त्वरित, सुरक्षित और स्वच्छ तरीके से पूरी की जाती है।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की गटर या कुई साफ करवाने के लिए पालिका में मात्र ₹1100 की रसीद कटवाकर इस सरकारी सुविधा का लाभ उठाएं। यह सुविधा बेहद कम दाम में उपलब्ध है।
पर्यावरण को दूषित होने से बचेगा :-
इस सेवा के माध्यम से एकत्रित फीकल स्लज (मलबे) को FSTP प्लांट तक पहुंचाया जाता है। वहां वैज्ञानिक पद्धति से इसका उपचार कर उच्च गुणवत्ता की खाद तैयार की जाती है। इससे एक ओर जहां नागरिकों को आधुनिक सफाई सुविधा मिल रही है, वहीं दूसरी ओर कचरे का सही सदुपयोग कर पर्यावरण को दूषित होने से बचाया जा रहा है।
नगर पालिका नीमकाथाना ने आम नागरिकों से आह्वान किया है कि वे खुले में या निजी अनधिकृत टैंकरों के माध्यम से गंदगी न फिंकवाएं। पर्यावरण को स्वच्छ रखने और बीमारियों से बचने के लिए इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और FSTP प्लांट को सफल बनाने में सहयोग करें।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment