वीडियो न्यूज़ : श्रद्धालुओं से भरी स्लीपर बस और कार में भिड़ंत : हादसे 3 घायल, हरिद्वार से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए आ रहे थे सभी श्रद्धालु, सड़क पर लगा जाम

फोटो  : फाइल फोटो 

खंडेला , 06 जून 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

खंडेला थाना क्षेत्र में शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी एक स्लीपर बस और कार के बीच भिड़ंत हो गई । हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसा चला चौकड़ी रोड स्थित अठबीघा घुमाव के पास हुआ।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर घटनास्थल पर एकत्र हो गए। घायलों को उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल खंडेला पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार स्लीपर बस नंबर GJ04 AT 9446 हरिद्वार से श्रद्धालुओं को लेकर खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रही थी। बस में करीब 30 से 40 श्रद्धालु सवार थे। इसी दौरान अठबीघा घुमाव के पास बस की कार नंबर RJ14 TF 5517 से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। सूचना मिलने पर खंडेला पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया।

बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं। हालांकि दुर्घटना के बाद बस में बैठे यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी श्रद्धालु के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

खंडेला पुलिस ने बस नंबर GJ04 AT 9446 और कार नंबर RJ14 TF 5517 को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना घुमावदार मोड़ पर हुई बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit