फोटो : फाइल फोटो
नीमका थाना , 08 जून 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना के निकटवर्ती ग्राम मंडोली की पहाड़ी मे प्रस्तावित खनन पट्टे का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है । सोमवार को सरपंच विमला देवी की अध्यक्षता मे एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सभा में प्रशासन की ओर से अतिरिक्त विकास अधिकारी हरबख्श राम बराला बतौर प्रभारी उपस्थित रहे।
ग्राम सभा में गांव की पहाड़ी को बचाने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखने को मिला। सभा का मुख्य एजेंडा पहाड़ी पर प्रस्तवित लीज आवंटन का पूर्ण विरोध और वर्तमान में चल रही लीज की आड़ में हो रहे अवैध खनन का विरोध रहा ।
सभा की शुरुआत पूर्व उप प्रधान सुरेश शर्मा ने अपने सम्बोधन से की । उन्होंने सभी ग्रामीणों से इस अभियान के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया ।
इसके बाद संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष विजय सिंह मीणा ने संबोधित करते हुए प्रस्तावित लीज के विरोध मे ग्रामीणों की एकजुटता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सरकार द्वारा पहाड़ी की लीज आवंटन और स्थानीय प्रशासन की अनियमितताओं व मनमानी पर कड़ा रोष प्रकट किया।
एकता की अपील :-
कमेटी सदस्य सुरज्ञान मीणा ने सभी ग्रामवासियों से गांव की एकता को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई हमारे अस्तित्व और आने वाली पीढ़ियों की है, जिसे पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कमेटी के मीडिया प्रभारी विद्याधर लोचिब और सदस्य राजकुमार शर्मा ने ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तावों की विस्तृत विवेचना की और इसके दूरगामी प्रभावों को समझाया। इसके बाद, उपस्थित समस्त ग्रामवासियों ने एक सुर में प्रस्तावों पर हस्ताक्षर और अंगूठा लगाकर अपनी लिखित सहमति व समर्थन व्यक्त किया।
साथ ही गांव की एकता और संघर्ष को मजबूत करने का संकल्प।
350 ग्रामीणों ने किया हस्ताक्षर:-
इस विशेष ग्राम सभा में महिलाओं सहित करीब 350 ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने प्रस्तावित लीज को प्रशासन की मनमानी बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग वाले प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए ।
इस दौरान हजारी लाल लोचिब, रामपाल यादव, गगन वर्मा, मुरारी लाल यादव, कर्नल राजेन्द्र सिंह तंवर, दीपचंद लोचिब सहित बड़ी संख्या मे लोग उपस्थित रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment