फोटो : फाइल फोटो
सीकर , 08 जून 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक मे जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं के संतुष्टि स्तर में निरंतर सुधार लाया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करें तथा 60 दिवस से अधिक समय से लंबित परिवेदनाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। जिला स्तरीय अधिकारी परिवादियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी संतुष्टि की पुष्टि करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा, पीएचईडी तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर परिवादियों से संवाद स्थापित करते हुए प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार फील्ड विजिट सुनिश्चित करने तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
यूडीआईडी कार्ड पर जोर :-
बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर मोदी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र आवेदकों को लिखित सूचना देकर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएं तथा प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान में प्रगति बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
जिला कलेक्टर ने जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए सीडीपीओ एवं आरसीएचओ की संयुक्त टीम गठित कर एसडीएम, बीडीओ तथा सीबीईओ को ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में आशा सहयोगिनियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जाये। साथ ही अल्पसंख्यक समाज के प्रबुद्ध एवं प्रभावशाली व्यक्तियों के माध्यम से अपील कर टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाये।
नीट के लिए निर्देश :-
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल एवं पारदर्शी संचालन के लिए वीक्षकों के पहचान-पत्र जारी करने तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने बैठक में बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक व्यापक रूप से किया जाएगा। सीएचसी एवं पीएचसी स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई व्यवस्था करने, आयुर्वेद विभाग को जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि योग दिवस में नेहरू युवा केन्द्र, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने सभी विद्यालयों, मदरसों एवं संस्कृत विद्यालयों में भी निर्धारित कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिभागियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी, विद्युत विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment