अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा : जिला कलेक्टर ने नीट-2026 परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली, दिए आवश्यक निर्देश

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर , 09 जून 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नीट-2026 परीक्षा के सफल आयोजन तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों से संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा - निर्देश दिए। बैठक में जिले में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक मे जिला कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को उपखण्ड स्तर पर बैठक आयोजित कर सेंटर सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण समय से पूर्व पूर्ण कराये जाने तथा आवश्यकता होने पर  अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक लगाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को परीक्षा केन्द्रों पर एएनएम एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही अजमेर विद्युत वितरण निगम को परीक्षा केन्द्रों में विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने, शिक्षा विभाग को परीक्षा केन्द्रों का भौतिक सत्यापन कर समुचित प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल व्यवस्था के निर्देश :-
उन्होंने पीएचईडी विभाग को परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा रोडवेज विभाग को परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होने वाली नीट-2026 परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने पुलिस विभाग को परीक्षा केन्द्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की माकूल व्यवस्था रखने तथा परीक्षा केन्द्रों की 300 मीटर की परिधि में ई-मित्र केन्द्रों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने बताया कि नीट परीक्षा 2026 एवं 12वां अन्तराष्ट्रीय योग दिवस के मध्यनजर 20 एवं 21 जून को अधिकारियों एवं कार्मिकों का किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाए तथा सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहेंगे। उन्होंने संबंधित उपखंड अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का फीडबैक प्राप्त करेंगे।

योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा :-
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समस्त उपखंड अधिकारियों को ब्लॉक स्तरीय बैठकें आयोजित कर कार्यक्रम स्थलों का चयन सुनिश्चित करने, प्रतिभागियों की संख्या, योग संगम पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त सीबीईओ को स्कूलों एवं बीसीएमओ को सीएचसी एवं पीएचसी स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित कराने तथा पंजीकरण बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा। उन्होंने विकास अधिकारियों को ग्राम सेवकों की बैठक लेकर ग्राम स्तर तक व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यक्रम के पश्चात उच्च गुणवत्ता के फोटो योग संगम पोर्टल पर अपलोड़ करने के निर्देशित किया।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit