फोटो : फाइल फोटो
पाली, 12 जून 2026
रिपोर्ट : एडिटर
पाली जिले के प्रभारी मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने गुरुवार को सर्किट हाउस में सीवरेज, अतिक्रमण व डेंगू-मलेरिया को लेकर पत्रकारों के सवाल करने पर वे उखड़ गए और इसके लिए शहरवासियों को दोषी करार दे दिया। उन्होंने कहा कि पाली के लोग सीवरेज हौदियों को खोलकर उसमें कचरा डालते हैं। उनमें भवन निर्माण की बची सामग्री डाल देते हैं।
मंत्री ने यहां तक कह दिया, 'पाली के लोग सकारात्मक कम, नकारात्मक ज्यादा हैं। मैं दो साल में एक-एक को पहचान गया हूं। लोग समस्या क्रिएट करते हैं।'
वर्षा जल निकासी के सवाल पर मंत्री ने कहा, 'मैंने दो साल पहले मड पम्प लगाने के बजाय नालियां बनाने के लिए अधिकारियों से कहा था। उन्होंने बताया था कि लोगों ने नालियां बंद कर दी। जब उनसे नालियां खुलवाने को कहा तो वे टाल गए।'
सीवरेज से पानी निकासी नहीं होने पर मंत्री ने कहा कि पाली में वर्षों पहले बिछाई 100 किमी की सीवरेज ठीक है। उसकी खामियों को दूर करवाया है। जबकि हालात यह है कि उस लाइन की सफाई तक समय पर नहीं होती। वह लाइन भी एलएंडटी की ओर से डाली पाइप लाइन से कुछ समय पहले ही डाली गई थी। जो बार-बार चॉक व ओवरफ्लो होती है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि एलएंडटी की ओर से डाली सीवरेज का इनलेट नीचा व आउटलेट ऊंचा है। इस गडबड़ी को ठीक करने के लिए कम्पनी को एक साल से मैंटेनेस का पैसा नहीं दिया है। उन्होंने कम्पनी के कार्य नहीं करने पर उसकी बैंक गारंटी भी जब्त करने को कहा। सीवरेज लाइन के लिए कहा कि ये कुकृत्य उन लोगों ने किया, जो उस समय थे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment