फोटो : फाइल फोटो
डीडवाना-कुचामन, 13 जून 2026
रिपोर्ट : एडिटर
असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायुसेना के एएन-32 परिवहन विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 5 जवानों की मौत हो गई। इस हादसे में राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के नावा क्षेत्र स्थित पांचोता गांव के रहने वाले 22 वर्षीय अग्निवीर वायु सैनिक खेमाराम कुमावत भी शहीद हो गए। खेमाराम की शहादत की खबर मिलते ही उनके गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना का एएन-32 विमान नियमित उड़ान के बाद जोरहाट एयरबेस पर उतर रहा था। इसी दौरान लैंडिंग के समय विमान हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई, जिससे उसमें सवार पांचों वायुसेना जवानों की मौत हो गई।
वायुसेना ने हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश जारी किए हैं। साथ ही प्रारंभिक जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अटकलों से बचने की अपील की है।
खेमाराम की शहादत की जानकारी मिलते ही पांचोता सहित पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिजन लगातार वायु सेना के अफसरों के संपर्क में हैं।
ममेरे भाई महेश कुमावत ने बताया कि खेमाराम का अग्निवीर कार्यकाल जल्द ही पूरा होने वाला था। परिवार में उनकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। महेश कुमावत ने बताया कि किसान पिता घर पर ही रहते हैं। बड़ा भाई राजेंद्र कुमार सिविल इंजीनियर है। उससे छोटा भाई गोविंदराम सीआरपीएफ में चेन्नई एयरपोर्ट पर पोस्टेड है।
गांव के लोग परिजनों को दे रहे सांत्वना :-
गांव के लोगों ने बताया कि खेमाराम बचपन से ही देशसेवा का सपना देखते थे और अपनी मेहनत के दम पर भारतीय वायुसेना में शामिल हुए थे। उनकी शहादत पर ग्रामीणों ने गर्व के साथ गहरा दुख भी व्यक्त किया है। गांव में लगातार लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
पार्थिव देह के गांव पहुंचने का इंतजार :-
वहीं, परिजन और स्थानीय प्रशासन वायुसेना अधिकारियों के संपर्क में हैं और पार्थिव देह के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। खेमाराम की शहादत ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। देश की रक्षा करते हुए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment