फोटो : फाइल फोटो
जयपुर, 15 जून 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान हंगामा मच गया। प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को 2 युवकों ने थप्पड़ मार दिए । इसके बाद पार्टी के समर्थकों ने उन दोनों युवकों को पकड़कर पीट दिया।
दरअसल अभिजीत सोमवार को नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने आए। प्रदर्शन स्थल पर प्रवेश के दौरान समर्थक अभिजीत दीपके को कंधों पर बैठाकर शहीद स्मारक की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद दो युवकों ने उनके करीब पहुंचकर थप्पड़ मार दिए।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अभिजीत दीपके के समर्थक तुरंत सक्रिय हो गए और दोनों हमलावर युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद समर्थकों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद कुछ देर तक प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
थप्पड़ कांड के बाद मंच पर पहुंचे सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने समर्थकों को संबोधित करते हुए सांप्रदायिक और जातिगत राजनीति पर निशाना साधा। उन्होंने नारे लगवाए कि "हिंदू-मुस्लिम की राजनीति अब नहीं चलेगी।" हमें यह स्वतंत्रता कुर्बानियों के बाद मिली थीं। हमें हिंदू-मुस्लिम में बांटा जाता है। जाति धर्म में बांटा जाता है, लेकिन हमें इसमें नहीं फंसना है।
20 जून को दिल्ली कूच का नारा:-
अभिजीत दीपके ने कहा कि हम 20 जून को फिर दिल्ली चलेंगे। इस बार जब दिल्ली जाएंगे, तो बिना इस्तीफे के नहीं लौटेंगे। उन्होंने 'दिल्ली चलो' का नारा भी लगाया। राष्ट्रगान के साथ प्रदर्शन खत्म हो गया।
आपस में भिड़े समर्थक, कई के फोन चोरी :-
प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। धरना स्थल पर कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल भी चोरी हो गए। इसके बाद मंच से लोगों को मोबाइल और सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई।
प्रदर्शन में शामिल युवा 'मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है' और 'पेपर लीक बंद करो' जैसे नारे लिखे पोस्टर और तिरंगा लेकर पहुंचे। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के गेट पर कॉकरोच की तस्वीर बनाई और 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' का नारा लिखा।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment