पोषण पखवाड़ा-2026 का भव्य समापन : पोषण मेले में स्टॉल एवं व्यंजन प्रदर्शनी, स्वस्थ जीवनशैली के लिए किया प्रोत्साहित

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर , 16  जून 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

महिला एवं बाल विकास विभाग, सीकर द्वारा मंगलवार को पोषण पखवाड़ा अभियान अंतर्गत ‘पोषण पखवाड़ा-2026’ का जिला स्तरीय पोषण मेला एवं समापन कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय में पोषण के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाना, कुपोषण के उन्मूलन को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान जिले की विभिन्न परियोजनाओं की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण मेले में स्टॉल एवं व्यंजन प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों की जानकारी दी गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के लिए संतुलित आहार के महत्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला गया।

समापन समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला पर्यवेक्षकों, पोषण अभियान से जुड़े कार्मिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर पोषण पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों तथा पोषण ट्रैकर के संकेतकों की समीक्षा की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं के कार्मिकों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग, डॉ. सुनील कुमार जांगिड़ ने इस अवसर पर संदेश देते हुए कहा कि पोषण अभियान केवल एक पखवाड़े तक सीमित न रहकर निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही कुपोषण मुक्त एवं स्वस्थ समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि चैंपियन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रथम चरण में एनजीओ रॉकेट लर्निंग संस्थान के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जिले के समस्त सीडीपीओ एवं महिला पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। द्वितीय चरण में यह प्रशिक्षण समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित किया जाएगा।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit