फोटो : फाइल फोटो
कोटा , 17 जून 2026
रिपोर्ट : एडिटर
लोकसभा मे विपक्ष के नेता राहुल गांधी बुधवार को चार्टर विमान से कोटा पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कई नेताओं ने उनका अभिनंदन किया।
दरअसल, राहुल गांधी शिक्षा नगरी कोटा में आयोजित 'कोटा महारैली' में शामिल होंगे। इसके बाद वे दशहरा मैदान में छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
राहुल गांधी की कोटा यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओ और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी एयरपोर्ट पहुंचे । राहुल जैसे ही एयरपोर्ट लाउंज से बाहर निकले और गाड़ी में बैठने लगे, तो बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें हटाया। राहुल के काफिले को एयरपोर्ट से बाहर निकालने में मशक्कत करनी पड़ी।
आज छात्र संवाद कार्यक्रम :-
राहुल एयरपोर्ट से स्टेशन रोड स्थित एक निजी होटल में पहुंचे हैं। यहां भी वे कुछ देर सिलेक्टेड स्टूडेंट्स से चर्चा करेंगे। इसके बाद उनका दशहरा मैदान में छात्र संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ है। इसमें कार्यकर्ताओं को एंट्री नहीं दी जाएगी, सिर्फ स्टूडेंट्स ही मौजूद रहेंगे।
यात्रा को लेकर सियासी माहौल गरम :-
राहुल गांधी के दौरे से पहले कोटा का सियासी माहौल भी गरमा गया। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस ने स्वागत से जुड़े बैनर-पोस्टर हटाने का आरोप लगाया ।
उधर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों को राजनीति नहीं, बल्कि अपने भविष्य की चिंता है। वहीं कांग्रेस का दावा है कि कोटा से उठने वाली 'छात्रों की गूंज' देशभर में शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाएगी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment