फोटो : फाइल फोटो
सीकर , 19 जून 2026
रिपोर्ट : एडिटर
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने कहा कि शेखावाटी से मेरा पुराना नाता है। छात्रसंघ चुनाव के समय से ही यहां के युवा मुझे आगे बढ़ाने में मेरे साथ रहे हैं। उन्हीं की बदौलत मैं राजस्थान विश्वविद्यालय (RU) का अध्यक्ष बना था।
बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान की सत्ता भी उसी तरफ जाएगी, जिस तरफ शेखावाटी जाएगा। एजुकेशन (शिक्षा) के मामले में आज सीकर कोटा को टक्कर दे रहा है और कहीं न कहीं उससे आगे भी निकल चुका है।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में भी बड़ी संख्या में सीकर के युवा शामिल हैं। खाटूश्यामजी में करण कुमावत पर हुए हमले के मामले में भाजपा के नेता आरोपियों को बचा रहे हैं, लेकिन जल्द ही सभी आरोपी पकड़े जाएंगे।
दरअसल हनुमान बेनीवाल शुक्रवार शाम को बीकानेर जाते समय सीकर में रुके थे। सीकर के सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं।
शेखावाटी के लोगों का प्यार :-
बेनीवाल ने कहा कि शेखावाटी और राजस्थान की जनता का प्यार मुझे सत्ता से दूर लेकर जा रहा है। जब भी सत्ता मेरे करीब होती है, तो इनका प्यार उमड़ पड़ता है। लोग कहते हैं- भाईसाहब, आपकी सरकार बना देंगे... आ जाओ, आंदोलन शुरू हो गया है।' इसलिए मैं सत्ता से दूर हो जाता हूं, वरना मैं तो कब का ही सरकार में शामिल हो जाता (घुस जाता)।
विपक्ष नहीं :-
बेनीवाल ने झुंझुनू जिले के एक गांव का नाम बदलने के सवाल पर कहा कि आज ये देशभर मे अपनी मर्जी चला रहे है । क्योंकि देश मे विपक्ष है नहीं । लोग ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) के डर से कांपते हैं। यदि दोपहर में कोई नेता तेज आवाज में बयान दे देता है, तो शाम को भाजपा नेताओं से पूछता है कि 'कुछ गलत तो नहीं बोला ना? अगर गलत बोला है तो वापस ठीक करवा देता हूं।' बेनीवाल ने घोषणा की कि राजस्थान में जल्द ही राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) अपना छात्र संगठन लॉन्च करेगी।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमारा रिजल्ट ज्यादा बढ़िया नहीं रहा, जिसका एक बड़ा कारण आर्थिक तंगी भी है। हमने चुनाव के लिए किसी से एक भी पैसा चंदा नहीं लिया। इसके अलावा, गलत समय पर रथयात्रा निकालना सहित कई ऐसे कारण रहे, जिनकी वजह से हम चुनाव नहीं जीत पाए।
बेनीवाल की युवाओं से अपील :-
बेनीवाल ने नशे पर चिंता जताते हुए कहा कि शेखावाटी और मारवाड़ के अंदर बढ़ता अपराध और बढ़ता नशा राजस्थान को गलत दिशा में ले जा रहा है। मारवाड़ में एमडी (MD) और जो भी सिंथेटिक नशे आ रहे हैं, उनके पीछे राजनीतिक पार्टियों के नेता, विधायक (MLA) और उनके परिवार कहीं न कहीं शामिल हैं। ये लोग राजस्थान के युवाओं को बर्बाद कर रहे हैं। राजस्थान में लगातार सिंथेटिक नशे की फैक्ट्रियां पकड़ी जा रही हैं। आज राजस्थान नशे के मामले में पंजाब के बाद देश में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। इनकी कमर तोड़ना बेहद जरूरी है।"
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment