वीडियो न्यूज : खाटूश्यामजी में बनेगा नया रेलवे स्टेशन : सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य शीघ्र होगा शुरू, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर/ सीकर , 21 जून 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

खाटूश्यामजी में नया रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा । केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि खाटूश्यामजी क्षेत्र में प्रस्तावित सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभर से लाखों-करोड़ों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं, ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

रविवार को बीकानेर से सीकर पहुंचे रेल मंत्री ने रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान में रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है और आने वाले समय में प्रदेश को रेलवे क्षेत्र में कई नई सौगातें मिलने वाली हैं।

जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस :-

इससे पहले केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को खातीपुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री ने दो ट्रेनों जयपुर-दरभंगा और बीकानेर-साबरमती ट्रेन की शुरुआत की।

नई पिट लाइन का होगा निर्माण:-

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीकर रेलवे स्टेशन पर नई पिट लाइन के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पिट लाइन बनने से ट्रेनों की सफाई, अनुरक्षण, तकनीकी जांच और रखरखाव की सुविधाएं मजबूत होंगी, जिससे स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। साथ ही भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को विस्तार देने में मदद मिलेगी।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit