वीडियो न्यूज : नीमकाथाना में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम : कांग्रेस ने पेपर लीक - बेरोजगारी पर सरकार को घेरा, विधायक मोदी बोले - बच्चों को निःशुल्क शिक्षा मिलनी चाहिए

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 26 जून 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना में शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा 'शिक्षा न्याय संवाद अभियान' के तहत 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा में छात्रों के साथ हुए संवाद का प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम के बाद प्रेस वार्ता भी आयोजित हुई । जिसमें सीकर जिला प्रभारी विशाल जांगिड़ ने नीट परीक्षा में हुई धांधली का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि नीट का पेपर परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था, जिसके बाद सरकार को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी।

जांगिड़ ने कहा कि देश में पेपर माफिया पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और लगातार अपनी जड़ें मजबूत कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में नीट का पेपर 5 हजार से 30 हजार रुपए तक बेचा गया । वही राजस्थान में तो 30 लाख रुपए तक में बेचा गया।

उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी को सरकार की नीतियों और प्रबंधन की विफलता बताया। जांगिड़ के अनुसार, भ्रष्टाचार और सरकारी नाकामियों का सबसे अधिक खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाएं बार-बार रद्द हो रही हैं।

नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों के मुद्दे उठा रहे है । उन्होंने कोटा मे छात्रों और उनके अभिभावकों से चर्चा की और उनकी समस्याएं जानी । मोदी ने छात्रों के लिए निशुल्क शिक्षा की वकालत की

पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल ने भी सरकार की आलोचना करते हुए शिक्षा नीति में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान, कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।

कार्यक्रम में बालेंदु सिंह शेखावत, ब्लॉक अध्यक्ष मदनलाल सैनी, मालाराम सैनी, सत्यनारायण अग्रवाल, बलदेव यादव सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit