फोटो : फाइल फोटो
बांसवाड़ा, 28 जून 2026
रिपोर्ट : एडिटर
बांसवाड़ा में एक तेज रफ्तार ट्रेलर और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप चालक का एक हाथ कटकर शरीर से बिल्कुल अलग हो गया। हादसा लियो सर्किल से दाहोद हाईवे जाने वाले बाईपास पर हुआ।
पिकअप में सवार चालक के साथी ने बताया कि वे शनिवार को पिकअप में लॉकर लादकर बांसवाड़ा से दाहोद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर का अचानक संतुलन बिगड़ गया। ट्रेलर अपनी साइड छोड़कर गलत दिशा में आया और पिकअप के ड्राइवर वाली साइड में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के वक्त चालक हरी सिंह का हाथ खिड़की से थोड़ा बाहर था, जिसके कारण टक्कर लगते ही उनका हाथ कटकर अलग हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। चालक हरी सिंह सीकर जिले के पलसाना निवासी है ।
जयपुर में इलाज जारी:-
हादसे के बाद राहगीरों और साथी की मदद से गंभीर रूप से घायल हरी सिंह को तुरंत महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हाथ जुड़ने की संभावना को देखते हुए कटे हुए हाथ को सुरक्षित आइस बॉक्स में रखा और मरीज को उदयपुर रेफर कर दिया।
उदयपुर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद हाथ दोबारा जोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वे बेहतर इलाज के लिए हरि सिंह को उदयपुर से जयपुर ले गए हैं, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:-
घायल चालक हरी सिंह के घर में कमाने वाले वही अकेले थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं। इस भयानक हादसे में हाथ गंवाने के कारण अब उनके सामने परिवार के पालन-पोषण और रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment