पैरामेडिकल परीक्षा मे नकल का खुलासा : भड़के छात्रों ने की तोड़फोड़, जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा रद्द, 4 आरोपी गिरफ्तार

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर, 29 जून 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जयपुर के प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सोमवार को परीक्षा केंद्र पर नकल गिरोह की सक्रियता का पता चलते ही वहां मौजूद अन्य छात्र भड़क गए। नाराज छात्रों ने कॉलेज परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी की और हंगामा व तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित छात्रों ने कुर्सियां फेंक दीं और परीक्षा को तुरंत रद्द करने की मांग पर अड़ गए।

मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर प्रदर्शनकारी छात्रों को शांत कराया। इसके बाद, राजस्थान पैरामेडिकल काउंसिल ने गड़बड़ी और अव्यवस्था को देखते हुए इस परीक्षा केंद्र (प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज) की परीक्षाओं को आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।

परीक्षा केंद्र पर पैरामेडिकल परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। साथ ही पुलिस ने नकल गिरोह में शामिल 2 कॉलेजों के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कॉलेज के संचालक, HOD और लेक्चरर शामिल हैं।

5.50 लाख रुपए मे सौदा :-

जयपुर के प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर नकल करवाकर झुंझुनूं के एक कॉलेज के 45 छात्रों को परीक्षा पास करवानी थी। इसके एवज में कुल 5.50 लाख रुपए का सौदा तय हुआ था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि झुंझुनूं के एस. करण कॉलेज के इन सभी 45 फर्स्ट ईयर के छात्रों के बैक आई हुई थी। इन्हें पास करवाने के एवज में जयपुर के परीक्षा केंद्र के संचालक से 5.50 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था।

आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने 45 छात्रों से कुल 5.50 लाख रुपए लिए थे, जिसमें से 27 जून को ही 3.27 लाख रुपए रामकृष्ण मंडीवाल के जरिए कॉलेज के संस्थापक देवकृष्ण मंडीवाल को दिए गए थे, ताकि परीक्षा कक्ष में मनपसंद इनविजिलेटर (वीक्षक) लगाकर नकल कराई जा सके।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit