फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 30 जून 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना क्षेत्र की निमोद की पहाड़ी पर स्थित हिंगलाज माता मंदिर से अचानक लापता हुए पांच वर्षीय मासूम भावेश सिंह का 18 दिनों से लगातार चल रहे सर्च अभियान के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। मंदिर से बच्चे के अचानक लापता होने का रहस्य गहराता जा रहा है।
बच्चे की तलाश के लिए आज 19वें दिन भी सर्च अभियान जारी है । टीमों के द्वारा जंगल के दो किमी एरिया में चप्पे-चप्पे पर तलाशी ली गई। ड्रोन कैमरों, डॉग स्क्वॉयड, संदिग्धों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल डाटा से भी पुलिस को बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
जांच में लगी पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग व ग्रामीणों की टीमों को कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर एक दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ हुई। परिजनों से भी पुरानी रंजिश व दुश्मनी को लेकर पूछा गया। लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिलने पर बच्चे की गुमशुदगी का रहस्य गहराने लगा है। इससे परिजनों की चिंता भी बढ़ गई है।
आईजी जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, एसपी प्रवीण नायक नूनावत सहित तीन डीवाईएसपी, 9 पुलिस थानों के एसएचओ व जवानों की टीम, 10 एसडीआरएफ जवान, 10 वनकर्मी व 150 से अधिक ग्रामीण युवाओं, चरवाहों की टीम लगातार अभियान मे जुटी हुई है। लेकिन बच्चे के बारे में अभी तक कोई क्लू नहीं मिला।
ऐसे में पुलिस जांच केवल जंगल में तलाश पर टिकी है। इधर बच्चे के ननिहाल जगतसिंहनगर में नाना हरफूल सिंह कहते हैं कि परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी। उन्होंने पुलिस से सर्च अभियान चलाने व संदिग्धों से पूछताछ की मांग रखी थी। 18 दिनों बाद भी उनके नाती का कोई सुराग नहीं मिला है। परिवार के लोग डरे हुए हैं। कहीं कोई जानकारी नहीं मिल रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment