फोटो : फाइल फोटो
बाड़मेर , 03 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले के आगे चल रहे सुरक्षा घेरे में अचानक एक कार के आ जाने से भारी हंगामा खड़ा हो गया। घुसी कार में समर्थकों ने सरिये, डंडों और लातों से जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना गुरुवार दोपहर बाड़मेर में दांता गांव के पास हुई।
इस दौरान कार के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन किसी की भी ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
दरअसल, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल बाड़मेर के देरासर में जनसभा के लिए जा रहे थे। जैसे ही काफिला नेशनल हाईवे पर दांता गांव के नजदीक पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक सफेद रंग की इनोवा कार अचानक काफिले की गाड़ियों के बेहद करीब आ गई।
कार को अचानक काफिले के बीच में आता देख वहां मौजूद आरएलपी कार्यकर्ताओं और बेनीवाल के समर्थकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने सुरक्षा में चूक और साजिश की आशंका जताते हुए तुरंत अपने वाहनों को रोक दिया और इनोवा कार को चारों तरफ से घेर लिया।
देखते ही देखते समर्थकों ने गाड़ियों में रखे सरिए और डंडे निकाल लिए और कार पर हमला बोल दिया। उग्र भीड़ ने कार के आगे-पीछे और खिड़कियों के शीशों को सरियों से तोड़ दिया। इस दौरान हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। तोड़फोड़ करने के बाद सांसद का काफिला देरासर की ओर आगे बढ़ गया।
जनसभा में बेनीवाल ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों के पेट में यह भी दर्द है कि हनुमान बेनीवाल यहां क्यों घूम रहा है। जिनके पेट में दर्द है, वे दवाई ले लें, उसका इलाज हो जाएगा।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment