वीडियो न्यूज : उपस्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर ग्रामीणों का धरना : गलत जगह निर्माण करने का लगाया आरोप, बीसीएमएचओ का आश्वासन, कहा- स्वीकृत जगह पर ही बनेगा केंद्र

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 03 जुलाई 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना की ग्राम पंचायत नरसिंहपुरी में प्रस्तावित उपस्वास्थ्य केंद्र के भवन का गलत जगह निर्माण होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शुक्रवार को ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) कार्यालय, नीमकाथाना के बाहर धरना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कर्णपुरा मुख्य सड़क पर आवंटित भूमि पर ही किया जाए। उनका कहना है कि नरसिंहपुरी उपस्वास्थ्य केंद्र के लिए कर्णपुरा में मुख्य सड़क पर लगभग 600 वर्गमीटर भूमि आवंटित है।

हालांकि, ग्राम पंचायत ने नरसिंहपुरी गांव की एक गली के अंदर केवल 249.70 वर्गमीटर भूमि का पट्टा जारी कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। ग्रामीण इस स्थान को अनुपयुक्त बता रहे हैं।

नौजवान सभा के जिला सचिव और पूर्व सरपंच एडवोकेट गोपाल सैनी ने कहा कि मौजूदा निर्माण स्थल तक वाहनों के पहुंचने का रास्ता नहीं है। इससे आम जनता को सुविधा के बजाय परेशानी होगी। उन्होंने जोर दिया कि कर्णपुरा मुख्य सड़क पर निर्माण होने से कर्णपुरा, नरसिंहपुरी, झांकड़ा, सतीमोड़ और त्रिलोकपुरा सहित आसपास के कई गांवों को आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में विभाग को तीन बार ज्ञापन देकर अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। धरने के दौरान बीसीएमओ की अनुपस्थिति में विभाग के अधीनस्थ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से ज्ञापन लिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उपस्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कर्णपुरा मुख्य सड़क पर आवंटित भूमि पर शुरू नहीं किया जाएगा, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

मामले पर बीसीएमएचओ भूपेंद्र सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा उपस्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति नरसिंहपुरी के लिए दी गई है और केंद्र वहीं संचालित होगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ग्रामीणों से पहले भी बातचीत कर स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है।

धरने में गोपाल सैनी, ओमप्रकाश सैनी, रोशन लाल गुर्जर, गणपत राम सैनी, श्रीराम सैनी, ताराचंद सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit